नयी दिल्ली, (वार्ता) दिल्ली प्रदेश जनता दल (यूनाइटेड) की ओर से चलाए जा रहे महासदस्यता अभियान को जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा है।

यह कहना है कि जदयू के प्रदेश अध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार का। उन्होंने शनिवार को संवाददाताओं से कहा कि दिल्ली की जनता बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विचारों से प्रभावित हैं। उनके विचार केवल सत्ता के लिए नहीं, बल्कि सुशासन, सामाजिक न्याय और समावेशी विकास के लिए समर्पित हैं।

उन्होंने कहा कि जदयू का महासदस्यता अभियान केवल सदस्य जोड़ने की औपचारिक प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह जनता से सीधा संवाद स्थापित करने और संगठन को जमीनी स्तर पर सशक्त करने का अभियान है। बड़ी संख्या में युवा, महिलाएं, बुद्धिजीवी वर्ग और सामाजिक कार्यकर्ता पार्टी से जुड़ रहे हैं, जो यह दर्शाता है कि जदयू की विचारधारा आज भी प्रासंगिक और भरोसेमंद है।

वहीं पार्टी के प्रदेश महासचिव सर्वेश कश्यप ने कहा कि श्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में सुशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सद्भाव का जो मॉडल विकसित हुआ है, वही जदयू की पहचान है और दिल्ली में भी उसी सोच के साथ संगठन को आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने सभी दिल्लीवासियों से आह्वान किया कि वे महासदस्यता अभियान से जुड़कर एक सकारात्मक, विकासशील और लोकतांत्रिक राजनीति का हिस्सा बनें और दिल्ली में जदयू को मजबूत करने में अपना योगदान दें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित