नयी दिल्ली , फरवरी 12 -- दिल्ली के बवाना इलाके में 17 वर्षीय किशोर की हत्या के मामले में पुलिस ने गुरुवार को चार नाबालिगों समेत सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, बालिग आरोपियों की पहचान जेजे कॉलोनी निवासी सालिन (21), साहिल (20) और फहाद (18) के रूप में हुई है। इनके साथ ही 16 से 17 वर्ष की आयु के चार किशोरों को भी हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने बताया कि उन्हें बुधवार रात करीब 9:36 बजे चाकूबाजी की सूचना मिली थी। मृतक की पहचान जेजे कॉलोनी निवासी सलीम के रूप में हुई है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि सलीम को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस जांच में सामने आया है कि हमले के दौरान कुछ आरोपियों ने सलीम को लात-घूंसों से पीटा, जबकि अन्य ने चाकू से उस पर ताबड़तोड़ वार किए। नरेला इंडस्ट्रियल एरिया थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी निगरानी और स्थानीय खुफिया जानकारी की मदद से पुलिस की टीम ने कुछ ही घंटों में सभी सात संदिग्धों को दबोच लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित