अमरोहा , नवंबर 11 -- दिल्ली में लाल किले के पास हुये कार धमाके में दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) में कार्यरत उत्तर प्रदेश के अमरोहा निवासी युवक की मौत हो गई है। वह 34 वर्ष के थे।
कार बम धमाके में जान गंवाने वालों में उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले के हसनपुर तहसील क्षेत्र के गांव मंगरौला निवासी युवक शामिल है। मृतकों की आधिकारिक सूची जारी होने के बाद हसनपुर कोतवाली निरीक्षक अमरपाल सिंह पुलिस टीम के साथ देर-रात मृतक अशोक कुमार के घर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को घटना की बाबत जानकारी दी। सूचना मिलने पर परिजनों में शोक छा गया परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव मंगरौला निवासी सीमांत किसान जगवंश गुर्जर के परिवार में पत्नी सोमवती के अलावा दो बेटे थे। बड़े बेटे सुभाष गांव में खेती किसानी करते हैं। इनके पास मात्र सात बीघा ज़मीन है जबकि छोटे बेटे अशोक कुमार दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) में कार्यरत थे। अशोक कुमार पत्नी सोनम , तीन वर्षीय बेटे आरंभ ,आठ वर्षीया बेटी आरोही तथा काव्या (05) के साथ दिल्ली के जगतपुर में किराए के मकान में रह रहे थे। वह दिवाली पर परिवार सहित घर आए थे।
लाल किला कार धमाके के बाद उत्तर प्रदेश में हाई अलर्ट के दृष्टिगत अमरोहा पुलिस द्वारा फ्लैग मार्च एवं सघन चेकिंग अभियान चलाया गया है। कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने एवं जनपद में शांति, सुरक्षा तथा सतर्कता व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से उनके निर्देशन में जनपद के सभी क्षेत्राधिकारियों एवं थानाध्यक्षों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रान्तर्गत पर्याप्त पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित