चंडीगढ़ , नवंबर 10 -- दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए धमाके के बाद पंजाब में रेड अलर्ट जारी कर दिया गया है। राज्य के सभी पुलिस कमिश्नर और एसएसपी को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग बढ़ा दी गयी है। पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। सुरक्षा एजेंसियां हालात पर लगातार नजर रखे हुए हैं। इसी के साथ चंडीगढ़ और हिमाचल प्रदेश में भी अलर्ट घोषित किया गया है।

हिमाचल प्रदेश के पुलिस महानिदेशक ने अशोक तिवारी ने बॉर्डर इलाकों में पुलिस को चौकसी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। सभी जिलों के पुलिस अधीक्षक को विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है। बाहरी राज्यों से हिमाचल आने वाले वाहनों की सघन जांच की जा रही है। प्रमुख धार्मिक स्थलों और मंदिरों की सुरक्षा भी बढ़ा दी गयी है।

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने धमाके पर दुख जताते हुए कहा कि यह बेहद दर्दनाक घटना है। उन्होंने कहा कि इस घटना की उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जानी चाहिए। श्री मान ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

अकाली दल सांसद हरसिमरत कौर बादल ने कहा कि लाल किले के पास हुआ धमाका देश में दहशत फैलाने की एक और कायराना कोशिश है। उन्होंने कहा कि ऐसे आतंकी मंसूबों का डटकर मुकाबला किया जाना चाहिए।

कांग्रेस सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने घटना को अत्यंत दुखद बताया और कहा कि निर्दोष लोगों की जान जाना बेहद पीड़ादायक है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि प्रभावित परिवारों को शक्ति मिले और घायल जल्द स्वस्थ हों।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने विस्फोट की घटना को चिंताजनक बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में शांति और संयम बनाये रखना सबसे बड़ी ताकत है और आतंक का जवाब हमारी एकजुटता से दिया जा सकता है।

पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा कि लाल किले के पास हुआ कार धमाका बेहद चौंकाने वाला और दुखद है। उन्होंने कहा कि पुलिस को इस मामले की जांच प्राथमिकता से करनी चाहिए और दोषियों को जल्द बेनकाब करना चाहिए।

इस बीच, पंजाब पुलिस ने राज्यभर में गश्त बढ़ा दी है। सभी जिलों में नाकाबंदी कर वाहनों की जांच की जा रही है और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा कड़ी कर दी गयी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित