नयी दिल्ली , अप्रैल 09 -- उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह ने अपने दिल्ली प्रवास के दूसरे दिन गुरुवार को उप सेना प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ से भेंट की। इससे पहले दिन बुधवार को उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से शिष्टाचार भेंट की।

राज्यपाल सिंह और उप सेना प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल धीरज के मध्य राष्ट्रीय सुरक्षा, सैन्य सहयोग एवं उत्तराखण्ड के सामरिक महत्व से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।

इससे एक दिन पहले राज्यपाल ने प्रधानमंत्री से भेंट में उनके स्नेह एवं मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने प्रदेश में बारहमासी पर्यटन, स्वयं सहायता समूहों, होम-स्टे तथा इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में हुई उल्लेखनीय प्रगति के लिए केंद्र सरकार के निरंतर सहयोग के लिए प्रधानमंत्री के प्रति कृतज्ञता प्रकट की।

इस दौरान राज्यपाल ने प्रदेश के समग्र विकास, जनकल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों तथा समसामयिक मुद्दों पर प्रधानमंत्री को जानकारियां साझा कीं। साथ ही भविष्य में विश्वविद्यालयों में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) क्वांटम कम्प्यूटिंग और मेटावर्स जैसे विषय शामिल हों इस पर भी वार्ता की। उन्होंने प्रधानमंत्री से कहा कि आगामी 14 अप्रैल को उनके द्वारा दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के शुभारंभ को लेकर समस्त उत्तराखण्डवासियों में विशेष उत्साह है और सभी इसकी उत्सुकता से प्रतीक्षा कर रहे हैं।

इस अवसर पर राज्यपाल ने प्रधानमंत्री को अपने भाषणों पर आधारित पुस्तक "आत्मा के स्वर" भेंट की। साथ ही एआई विषय पर अपनी स्वलिखित पुस्तक "एब्सोल्यूट इंटेलिजेंसी" तथा "प्रज्ञा" भी भेंट की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित