नयी दिल्ली , जनवरी 30 -- दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके पास से मादक पदार्थ और प्रतिबंधित दवाओं का जखीरा बरामद किया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी है।
आरोपी की पहचान द्वारका सेक्टर-3, फेज-3 निवासी संजय के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, सोमवार को खुफिया सूचना मिली थी कि डी ब्लॉक पार्क, फेज-3, सेक्टर-3 में बुप्रेनॉर्फिन टैबलेट की बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर निगरानी शुरू की और कार्रवाई के दौरान संजय को रोककर उसकी तलाशी ली गई।
द्वारका जिले के पुलिस उपायुक्त अंकित सिंह ने बताया, "तलाशी के दौरान आरोपी के पास से बुप्रेनॉर्फिन की 11 गोलियां, सबलिंगुअल वर्नोर एन टैबलेट और फेनिरामाइन मेलिएट (आईपी एविल 10 एमएल) के नौ इंजेक्शन बरामद किये गये। बरामदगी के बाद बिंदापुर थाना में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8सी/22 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।"पूछताछ के दौरान संजय ने स्वीकार किया कि वह खुद नशे का आदी है और अपनी लत पूरी करने के लिए प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री करता था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उसके खिलाफ पहले भी मामले दर्ज हैं, जिनमें आईपीसी की धारा 379 के तहत ई-एफआईआर और बिंदापुर थाना में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8सी/22 के तहत एफआईआर संख्या 420/25 शामिल है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित