नयी दिल्ली , फरवरी 04 -- दिल्ली पुलिस ने बुधवार को एक व्यापक अभियान चलाकर 13 घोषित अपराधियों और भगोड़ों को गिरफ्तार किया है। ये लोग चेक बाउंस, चोरी, हमले, दुर्घटना और दिल्ली आबकारी अधिनियम के उल्लंघन जैसे विभिन्न मामलों में वर्षों से कानून से बच रहे थे।
पुलिस के अनुसार, इस संयुक्त अभियान को वसंत विहार, किशनगढ़, आर.के. पुरम, वसंत कुंज उत्तर, सागरपुर, ऑटो चोरी रोधी दल और स्पेशल स्टाफ की टीमों ने अंजाम दिया। गिरफ्तार हुए इन आरोपियों को जुलाई 2022 से दिसंबर 2025 के बीच विभिन्न अदालतों ने घोषित अपराधी या भगोड़ा करार दिया गया था।
दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के पुलिस उपायुक्त अमित गोयल ने बताया कि तकनीकी निगरानी, मैन्युअल इंटेलिजेंस, ई-कोर्ट और ई-प्रिज़न पोर्टल से सत्यापन के साथ-साथ स्थानीय मुखबिरों से मिली सूचनाओं के आधार पर दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में कई छापे मारे गए। गिरफ्तार किए गए लोगों में खलील उर्फ खल्ली शामिल है। खल्ली दिल्ली कैंट थाने के 2014 में हुयी एक दुर्घटना मामले में वांछित था। इसके अलावा बुद्ध कुमारी, शानू, मदीना खातून, नेकराम और करतार जैसे आरोपियों को एनआई (नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स) अधिनियम की धारा 138 (चेक बाउंस) के तहत कई मामलों में गिरफ्तार किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित