नयी दिल्ली , नवंबर 30 -- दिल्ली नगर निगम के 12 वार्डों के लिए रविवार को हुए उपचुनाव में मतदाताओं की एकबार फिर उदासीनता देखने को मिली। आधिकारिक जानकारी के अनुसार शाम 5:30 बजे तक बेहद कम मतदान 38.51 प्रतिशत हुआ।
मतदाताओं ने इस उपचुनाव को कम गंभीरता से लिया और घरों से कम संख्या में निकले। जहां दोपहर तक महज 21.84 प्रतिशत मतदान हुआ था वही शाम तक साढ़े पांच बजे तक लगभग 38.51 मतदान दर्ज किया गया। जानकारी के मुताबिक सबसे अधिक मतदान चांदनी महल में 55.93 प्रतिशत रहा, वहीं सबसे कम ग्रेटर कैलाश जैसे इलाके में मात्र 26.76 प्रतिशत रहा।
इस उपचुनाव में 26 महिलाओं सहित 51 उम्मीदवार मैदान में हैं। जिनके भाग्य का फैसला बुधवार 3 दिसंबर को मतगणना के बाद होगा।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार अशोक विहार में 33.82 प्रतिशत, शालीमार बाग बी में 37.53 प्रतिशत, चांदनी चौक में 35.65 प्रतिशत, मुंडका में 44.5 प्रतिशत, ढिचाऊं कलां में 37.2 प्रतिशत, नारायणा में 42.76 प्रतिशत, संगम विहार ए में 44.4 प्रतिशत, दक्षिण पुरी में 40.23 प्रतिशत और विनोद नगर में 36.47 प्रतिशत मतदान हुआ।
जानकारों के मुताबिक एमसीडी का यह उपचुनाव दिल्ली में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की पहली 'अग्निपरीक्षा' है। दिल्ली राज्य चुनाव आयुक्त विजय देव ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया को सुचारू व शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए 2,320 मतदान कर्मियों के साथ 2,265 कर्मियों, 580 होम गार्ड तथा केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की 13 कंपनियां तैनात की थीं। मतदाताओं की सुविधा के लिए भी खास सुविधाएं की गयीं। सभी पोलिंग स्टेशनों की 100 प्रतिशत वेब कास्टिंग और वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगों के लिए पोस्टल बैलेट की व्यवस्था की गई।
एमसीडी के जिन 12 वार्ड में उपचुनाव हो रहे हैं, उनमें से नौ पहले भारतीय जनता पार्टी ( भाजपा) के पास थे और तीन आम आदमी पार्टी (आप) के पास थे। शालीमार बाग और द्वारका बी जैसी सीट पर भाजपा के लिए यह प्रतिष्ठा की लड़ाई होगी। रेखा गुप्ता, विधानसभा चुनाव जीतने और दिल्ली की मुख्यमंत्री बनने से पहले शालीमार बाग बी वार्ड से पार्षद थीं। वहीं द्वारका बी वार्ड का प्रतिनिधित्व पहले भाजपा की पश्चिमी दिल्ली लोकसभा सीट से सांसद कमलजीत सहरावत करती थीं।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने वोट डाल डालने के बाद कहा लोग भाजपा उम्मीदवारों को बहुत प्यार और समर्थन दे रहे हैं। उन्होंने एमसीडी उपचुनाव के लिए शालीमार बाग के एपी ब्लॉक में बने गवर्नमेंट गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल के पोलिंग बूथ पर परिवार के साथ मतदान किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित