नयी दिल्ली , मार्च 05 -- दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार सभी समुदायों की संस्कृति और परंपराओं का सम्मान करते हुए उनके विकास और सुविधाओं के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

श्रीमती रेखा गुप्ता ने गुरुवार को कश्मीरी गेट, आउटर रिंग रोड के पास लद्दाख बुद्ध विहार क्षेत्र में लगभग तीन करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) का शिलान्यास किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि इस पुल के निर्माण से लद्दाख बुद्ध विहार और मोनेस्ट्री मार्केट आने-जाने वाले नागरिकों को सुरक्षित रूप से सड़क पार करने की सुविधा मिलेगी, जिससे क्षेत्र में आवागमन और अधिक सुगम हो सकेगा।

उन्होंने बताया कि इस फुट ओवर ब्रिज का डिजाइन स्थानीय लद्दाखी वास्तुकला को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है ताकि यह संरचना न केवल आधुनिक सुविधाओं से युक्त हो बल्कि क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान और परंपरा को भी दर्शा सके। उन्होंने कहा कि पुल में लिफ्ट की व्यवस्था भी की जाएगी, जिससे बुजुर्गों, दिव्यांगजनों और गर्भवती महिलाओं को विशेष सुविधा मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली देश का आईना है, जहां विभिन्न राज्यों और संस्कृतियों से आए लोग मिल-जुलकर रहते हैं। लद्दाख से आए परिवार वर्षों से दिल्ली में शांति और सौहार्द के साथ जीवन यापन कर रहे हैं और भगवान बुद्ध की शिक्षाओं के माध्यम से समाज में शांति और सद्भाव का संदेश दे रहे हैं। दिल्ली सरकार सभी समुदायों की संस्कृति और परंपराओं का सम्मान करते हुए उनके विकास और सुविधाओं के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि लद्दाख बुद्ध विहार कॉलोनी की अन्य समस्याओं के समाधान के लिए भी सरकार गंभीरता से कार्य करेगी।

उन्होंने कहा कि मंदिर परिसर के विकास, आसपास के अतिक्रमण की समस्या और क्षेत्रीय सुविधाओं के विस्तार के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे।

इस अवसर पर पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने कहा कि लद्दाख बुद्ध विहार क्षेत्र में बनने वाला यह फुट ओवर ब्रिज यहां रहने वाले नागरिकों की सुरक्षा और सुविधा से जुड़ा एक महत्वपूर्ण कदम है। इसके निर्माण से स्थानीय लोगों, श्रद्धालुओं और बाजार आने-जाने वाले नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी। दिल्ली सरकार का प्रयास है कि राजधानी के हर क्षेत्र में ऐसी सुविधाएं विकसित की जाएं, जिससे नागरिकों का दैनिक जीवन अधिक सुरक्षित और सुगम बन सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित