बेंगलुरु , जनवरी 25 -- आयुष डोसेजा (104/129) की शतकीय पारियों के दम पर दिल्ली बनाम छत्तीसगढ़ और अंकुश बैंस (72/94) और पुखराज मान (118) की पारियों की बदौलत हिमाचल तथा राजस्थान के बीच खेले गये रणजी ट्रॉफी मुकाबले रविवार को ड्रा समाप्त हुये।
आज यहां दिल्ली ने दूसरी पारी में कल के तीन विकेट पर 158 रनों से आगे खेलना शुरु किया। सुबह के सत्र में दिल्ली का चौथा विकेट दिविज मेहरा (शून्य) के रूप में गिरा। प्रणव राजवंशी (12), सुमित माथुर (27), कप्तान आयुष बदोनी (68), सिद्धांत शर्मा (44) रन बनाकर आउट हुये। दिल्ली ने 102.3 ओवरों में 422 रन बनाये। आयुष डोसेजा ने 198 गेंदों में 17 चौके लगाते हुए 129 रनों की पारी खेली। छत्तीसगढ़ की ओर से आयुष पांडेय, शुभम अग्रवाल, शाबान खान और रवि किरण ने दो-दो विकेट लिये। विकल्प तिवारी और आशीष चौहान ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया। छत्तीसगढ़ को 137 रनों का लक्ष्य मिला। छत्तीसगढ़ की टीम दूसरी पारी में आठ ओवरों में तीन विकेट पर 57 रन ही बना सकी और मुकाबला ड्रा रहा। दिल्ली के लिए मनी ग्रेवाल ने तीन विकेट लिये।
वहीं हिमाचल ने कल के 38 रन आगे खेलना शुरु किया। इन्नेश महाजन और अंकुश बैंस की सलामी जोड़ी ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए पहले विकेट के लिए 106 रन जोड़े। 27वें ओवर में मानव सुथार ने इन्नेश महाजन (44) को आउटकर इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद अंकित कल्सी (पांच), पुखराज मान (नौ) रन बनाकर पवेलियन लौट गये। 43वें ओवर में मानव सुथार ने शतक की ओर बढ़ रहे अंकुश बैंस 93 को आउट कर दिया। आर्यमान सिंह (11) रन बनाकर आउट हुये। हिमाचल प्रदेश ने आठ विकेट पर 243 के स्कोर पर अपनी दूसरी पारी घोषित कर राजस्थान को जीत के लिए 308 रनों का लक्ष्य दिया। राजस्थान के लिए मानव सुथार ने चार विकेट लिये। अजय सिंह को तीन विकेट मिले। खलील अहमद ने एक बल्लेबाज को आउट किया।
इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान दूसरी पारी में 40 ओवरों में पांच विकेट 100 रन ही बना सकी और मुकाबला ड्रा रहा। हिमाचल प्रदेश के लिए आकाश वशिष्ठ ने चार विकेट लिये। मुकुल नेगी को एक विकेट मिला।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित