नयी दिल्ली , फरवरी 16 -- दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना एवं दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को यहां नेहरू प्लेस में अत्याधुनिक मल्टी-लेवल कार पार्किंग का उद्घाटन कर जनता को समर्पित किया।
श्रीमती रेखा गुप्ता ने मल्टी-लेवल पार्किंग के उद्घाटन के दौरान कहा कि उपराज्यपाल का मार्गदर्शन दिल्ली के लिए सदैव प्रेरणादायी रहा है। उन्होंने उल्लेख किया कि पूर्ववर्ती सरकारों ने केंद्र और उपराज्यपाल के साथ समन्वय स्थापित करने का अपेक्षित प्रयास नहीं किया जिस कारण अनेक जनहित से जुड़े कार्य वर्षों तक लंबित रहे।
इसके विपरीत, श्री सक्सेना ने विभिन्न स्थलों का स्वयं निरीक्षण कर नालों की सफाई, सड़कों के निर्माण व बुनियादी ढांचे से संबंधित परियोजनाओं की लगातार निगरानी की। वह उस समय भी दिल्लीवासियों की सेवा में सक्रिय रहे, जब व्यवस्थाएं ठहराव का सामना कर रही थीं।
उन्होंने कहा कि श्री सक्सेना के नेतृत्व और केंद्र सरकार के सहयोग से दिल्ली सरकार मिलकर काम कर रही है और अच्छे नतीजे दे रही है। इसी संयुक्त प्रयास से दिल्ली को साफ, सुव्यवस्थित और विकसित बनाने के लिए तेजी से काम किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि यह नई छह मंजिला आधुनिक पार्किंग एक समय में 650 चार पहिया और 352 दोपहिया वाहन खड़े करने की क्षमता रखती है। रोटेशन के आधार पर यहां प्रतिदिन करीब 2,000 वाहनों को पार्किंग की सुविधा मिलेगी। उन्होंने इसे दिल्ली की बढ़ती जरूरतों को देखते हुए अहम कदम बताया। उन्होंने कहा कि राजधानी के जिन इलाकों में पार्किंग की कमी है, वहां डीडीए की उपलब्ध जमीन पर पार्क या पार्किंग बनाने की व्यापक योजना तैयार की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित