नयी दिल्ली , नवंबर 12 -- दिल्ली के सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने बुधवार को कहा कि उनकी सरकार का लक्ष्य राजधानी को पूरे देश में डिजिटल गवर्नेंस का सबसे आदर्श मॉडल बनाना है।

डॉक्टर पंकज ने आज यहां सूचना प्रौद्योगिकी विभाग की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक के बाद कहा कि दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के कुशल नेतृत्व में सरकार का लक्ष्य राजधानी दिल्ली को पूरे देश में डिजिटल गवर्नेंस का सबसे आदर्श मॉडल बनाना है। दिल्ली का आईटी विभाग सभी सरकारी विभागों को आपस में जोड़ने वाला एक मजबूत एकीकृत डिजिटल तंत्र विकसित कर रहा है, जो सरकारी कामकाज में पारदर्शिता बढ़ाने के साथ ही दिल्ली के प्रत्येक नागरिकों को तकनीक के माध्यम से सशक्त बनाने का भी काम करेगा। उन्होंने कहा, "हरियाणा, महाराष्ट्र और राजस्थान जैसे राज्यों के सफल डिजिटल मॉडलों से हम सीख लेकर ऐसा शासन ढांचा तैयार कर रहे हैं जो हर दिल्ली वासियों तक कुशलता, जवाबदेही और सरलता के साथ पहुंचे।"उन्होंने कहा कि उनकी सरकार की डिजिटल रिफॉर्म के केंद्र में एक ऐसा सेंट्रलाइज्ड सूचना प्रौद्योगिकी ढांचा विकसित करने की योजना है, जो सभी विभागों के डेटा, योजनाओं और नागरिक सेवाओं को जोड़ सके। जिसका मुख्य उद्देश्य एक सेंट्रलाइज्ड लाभार्थी डेटाबेस कमांड सिस्टम बनाना है, जो प्रत्येक नागरिकों को राजधानी दिल्ली में चल रही और आगामी जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी स्वतः उपलब्ध करा सके, ताकि सरकारी नीतियों के क्रियान्वयन में तेजी आने के साथ समावेशिता और सटीकता भी सुनिश्चित हो सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित