नयी दिल्ली , अक्टूबर 03 -- दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने आरोप लगाया है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अपने एजेंडे को राष्ट्रीय शिक्षा नीति के नाम पर दिल्ली के स्कूलों में विद्यार्थियों पर थोपने की तैयारी कर रही है, जिसमें स्वतंत्रता संग्राम की आड़ में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के उन समर्थकों की जीवनी और इतिहास को तोड़-मरोड़ कर पढ़ाया जायेगा, जिनकी आजादी की लड़ाई में कभी अहम भूमिका नहीं रही।

श्री यादव ने कहा कि आजादी से 22 वर्ष पहले 1925 में जिस संघ की नींव रखी गयी, उसका इतिहास कैसा है, यह सब देशवासी पहले से ही जानते हैं। शिक्षा विशेषज्ञ भाजपा की दिल्ली सरकार की बच्चों का भविष्य बर्बाद करने वाले इस प्रयास से नाखुश हैं।

श्री यादव ने कहा कि शिक्षा विशेषज्ञ और इतिहासकारों ने कभी भी स्वतंत्रता संग्राम में संघ की भूमिका को महत्व नहीं दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतांत्रिक देश में समानता और सामाजिकता को खत्म करके देश को धार्मिक स्वरूप देकर चलाना चाहती है, जिसके कारण संघ के झूठ को सच बताकर विद्यार्थियों का भविष्य बर्बाद करने तैयारी की जा रही है।

उन्होंने कहा कि रेखा गुप्ता सरकार का संघ का इतिहास पढ़ाने का कदम दिल्ली में स्कूली बच्चों के भविष्य और दिल्ली के स्कूलों की प्रतिष्ठा को बर्बाद कर देगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित