नयी दिल्ली , अप्रैल 19 -- दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने राजधानी दिल्ली रंगपुरी पहाड़ी क्षेत्र में गंभीर जल संकट को लेकर दिल्ली सरकार पर हमला बोला है। रविवार को क्षेत्र के दौरे के दौरान उन्होंने कहा कि करीब 20 हजार निवासियों को पेयजल जैसी बुनियादी सुविधा उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि इलाके में मौजूद छह भूजल बोरवेलों को सील किए जाने के कारण यह संकट पैदा हुआ है। स्थानीय लोगों से बातचीत में सामने आया कि अदालत में तथ्यों को गलत तरीके से पेश किया गया, जिससे यह आदेश पारित हुआ। श्री यादव ने कहा कि भीषण गर्मी के बीच पानी की मांग बढ़ने के बावजूद प्रशासन द्वारा पर्याप्त व्यवस्था नहीं की गई। अदालत के निर्देश के अनुसार 20 पानी के टैंकर उपलब्ध कराए जाने थे, लेकिन जमीनी स्तर पर केवल दो तीन टैंकर ही पहुंच रहे हैं, जिससे लोगों को भारी परेशानी हो रही है।
कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि इस मुद्दे पर कानूनी हस्तक्षेप, जनआंदोलन और विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। पार्टी ने इसे दिल्ली सरकार की विफलता बताते हुए कहा कि प्रभावित नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित