नयी दिल्ली , जनवरी 27 -- दिल्ली पुलिस ने भजनपुरा में छह साल की बच्ची से दुष्कर्म के आरोप में दो नाबालिग किशोरों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने मंगलवार को बताया कि यह घटना 18 जनवरी को घटित हुई थी, जिसके बाद पीड़िता के परिवार ने पुलिस में शिकायत की और बाद में भारतीय न्याय संहिता और यौन अपराध बाल संरक्षण (पोस्को ) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस के मुताबिक, तीन किशोरों ने कथित तौर पर बच्ची को बहला-फुसलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। अधिकारी ने बताया, "सभी आरोपी नाबालिग हैं और उनकी पहचान कर ली गई है। दो नाबालिगों को पकड़कर किशोर न्याय बोर्ड के सामने पेश किया गया है, जबकि तीसरे की तलाश जारी है।" उन्होंने बताया कि बच्ची की चिकित्सा जांच करायी गयी है और उसे ज़रूरी देखभाल और सलाह दी जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित