नयी दिल्ली , जनवरी 14 -- दिल्ली के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने बुधवार को कहा कि उनकी सरकार दिल्ली के प्रत्येक नागरिक तक विश्वस्तरीय प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

डॉक्टर पंकज सिंह ने आज यहां मालवीय नगर स्थित भीमनगरी में नव-निर्मित आयुष्मान आरोग्य मंदिर को लोगों को समर्पित किया। आरोग्य मंदिर के इस नए विस्तार के साथ ही दिल्ली में सिर्फ 11 महीनों में ही अबतक 319 आरोग्य मंदिर संचालित किए जा चुके हैं, जो राजधानी दिल्ली में प्राइमरी हेल्थ केयर ढांचे में हुई सबसे तेज प्रगति में से एक है।

उन्होंने कहा कि मालवीय नगर के भीमनगरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर को सभी तरह की मेडिकल सुविधाओं से लैस आधुनिक प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधा केंद्र के रूप में विकसित किया गया है, जहां मुफ्त चिकित्सा परामर्श के साथ जनरल ओपीडी, डेंटल ओपीडी, आई ओपीडी, डायग्नोस्टिक टेस्ट, फ़ार्मेसी, मेडिकल काउंसलिंग और मुफ्त टीकाकरण सेवाएं, जिसमें बच्चों का नियमित टीकाकरण भी शामिल हैं जैसी कई सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके अतिरिक्त इस सेंटर में एक समर्पित डेंटल केयर यूनिट, योग एवं वेलनेस रूम के साथ ही व्यापक निवारक स्वास्थ्य सेवाएं भी मौजूद हैं। इस केंद्र वर्तमान में 100 से अधिक इन-हाउस डायग्नोस्टिक टेस्ट किए जाते हैं, जिनकी क्षमता आने वाले दिनों में बढ़ाकर 200 से अधिक तक की जाएगी।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि हम दिल्ली के प्रत्येक नागरिक तक विश्वस्तरीय प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इस सेंटर में शुरू होने वाला पंचकर्म यूनिट देश के सर्वश्रेष्ठ केंद्रों में शामिल होगा, जो सभी लोगों को उच्च गुणवत्ता वाली समग्र चिकित्सा उपलब्ध कराएगा। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में हमारा प्रयास है कि राजधानी के किसी भी नागरिक को प्राथमिक चिकित्सा से संबंधित बीमारियों के लिए दिल्ली के बड़े अस्पतालों की ओपीडी के बाहर लंबी कतारों में खड़ा नहीं होना पड़े। करीब 300 से अधिक आरोग्य मंदिरों के सफलतापूर्वक संचालन और तीव्र गति से बढ़ती डायग्नोस्टिक टेस्ट की सुविधाओं के साथ हम दिल्ली को एक मजबूत और जन-केंद्रित स्वास्थ्य राजधानी के रूप में बदलने का तेजी से काम कर रहे हैं।

स्वास्थ्य मंत्री ने भरोसा दिया कि दिल्ली सरकार प्रत्येक आरोग्य मंदिर को उच्चतम गुणवत्ता मानकों के अनुरूप संचालित करने के लिए सभी आवश्यक फंड, स्टाफ और बुनियादी ढांचे का पूरा प्रबंध करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित