हैदराबाद , जनवरी 29 -- दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा को देश में सर्वश्रेष्ठ एयरपोर्ट की और घरेलू कनेक्टिविटी के मामले में एयर इंडिया समूह की एयर इंडिया एक्सप्रेस को सर्वश्रेष्ठ एयरलाइंस का पुरस्कार मिला है।
केंद्रीय नागरिक उड्ड्यन मंत्री के. राम मोहन नायडू ने यहां विंग्स इंडिया 2026 में एक कार्यक्रम के दौरान ये पुरस्कार प्रदान किये। केंद्र सरकार की उड़ान योजना के तहत सर्वश्रेष्ठ एयरपोर्ट का पुरस्कार ईटानगर के होलोंगी एयरपोर्ट को दिया गया। 2.5 करोड़ से अधिक की सालाना यात्री क्षमता में बेंगलुरु के केंपेगौड़ा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे को पुरस्कार प्रदान किया गया। एक करोड़ से ढाई करोड़ यात्री क्षमता की श्रेणी में पुणे हवाई अड्डे को और 50 लाख से एक करोड़ की श्रेणी में लखनऊ अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे को 50 लाख से कम क्षमता की श्रेणी में पोर्ट ब्लेयर अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे को पुरस्कृत किया गया।
विमान सेवा कंपनियों में उड़ान योजना की सर्वश्रेष्ठ एयरलाइन के खिताब से स्टार एयर को नवाजा गया। गैर-शिड्यूल ऑपरेटर की श्रेणी में हेलीकॉप्टर वर्ग के लिए पवन हंस को और विमान वर्ग के लिए इंडो पैसिफिक एविएशन को पुरस्कृत किया गया।
सर्वश्रेष्ठ यात्री सेवा प्रदाता का पुरस्कार इंडिगो को और कार्गो सेवा का पुरस्कार एयर इंडिया और डब्ल्यूएफएस (बेंगलुरु) प्राइवेट लिमिटेड को संयुक्त रूप से दिया गया। ग्राउंड सर्विस के लिए एयर इंडिया एसएटीएस एयरपोर्ट सर्विसेज और एमआरओ सेवा के लिए जीएमआर एयरो टेक्निक को पुरस्कार मिला। ईंधन सेवा के लिए इंडियन ऑयल स्काईटैंकिंग को और विमानन कौशल एवं प्रशिक्षण के लिए एयर इंडिया को सर्वश्रेष्ठ घोषित किया गया। विमानों की लिजिंग के लिए विमान एविएशन सर्विसेज और ड्रोन के लिए आईडियाफोर्ज टेक्नोलॉजी को पुरस्कार मिला।
विमान बनाने वाली कंपनियों में आत्मनिर्भर भारत में सर्वश्रेष्ठ योगदान का पुरस्कार हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड को और विमानन पारितंत्र को बढ़ावा देने के लिए बोइंग इंडिया को पुरस्कार मिला। विमानों के कल-पुर्जों के निर्माताओं में एयरबस को और ड्रोन के कल-पुर्जा निर्माताओं में आईडिया फोर्ज टेक्नोलॉजी को पुरस्कृत किया गया।
राज्यों में विमानन सेक्टर के लिए प्रतिबद्ध राज्य का पुरस्कार आंध्र प्रदेश को और विमानन पारितंत्र को बढ़ावा देने के लिए तेलंगाना, उत्तराखंड तथा गुजरात को संयुक्त रूप से पुरस्कृत किया गया। उड़ान के तहत सबसे अधिक पहल करने वाले राज्य का पुरस्कार असम को और गैर-प्राथमिकता वाले राज्यों में उड़ान में योगदान के लिए उत्तर प्रदेश और बिहार को संयुक्त रूप से पुरस्कार मिला।
विमानन में चैंपियन राज्य का संयुक्त पुरस्कार कर्नाटक और महाराष्ट्र को मिला।
भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण को नवाचार में चैंपियन का और दिल्ली हवाई अड्डे को सस्टेनेबिलिटी चैंपियन का पुरस्कार दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित