‎पटना , अक्टूबर 23 -- बिहार भाजपा के अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल गुरुवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ सारण जिले के परसा, अमनौर और मांझी में आयोजित आशीर्वाद सभाओं में शरीक हुए और जनसभा को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान की अपील की।

‎‎श्री जायसवाल ने आज सारण जिले के परसा, सूतिहार (दरियापुर) डेरनी हाई स्कूल के खेल मैदान में गरखा से लोजपा (रा.) प्रत्याशी सीमांत मृणाल, परसा से जदयू प्रत्याशी छोटेलाल राय एवं सोनपुर से भाजपा प्रत्याशी विनय कुमार सिंह के समर्थन में आयोजित आशीर्वाद सभा को संबोधित करते हुए कहा कि सारण की धरती पर राजग को अपार जनसमर्थन दिख रहा है। यह इस बात का स्पष्ट संकेत है कि बिहार में एक बार फिर से राजग की सरकार तय है। उन्होंने कहा कि इस बार भी विकास और सुशासन के पक्ष में राजग के साथ पूरा बिहार है।

‎‎भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि एक दौर वह था जब बिहार की पहचान चरवाहा विद्यालय को लेकर होती थी, लेकिन आज प्रत्येक जिले में इंजीनियरिंग कॉलेज और मेडिकल कॉलेज खुल गए हैं। यही बिहार के बदलने की तस्वीर है।

‎इस दौरे के दौरान भाजपा नेता ने अमनौर, मकेर आर. बी. एम. उच्च विद्यालय के खेल मैदान और मांझी, नरपलिया खेल मैदान में आयोजित आशीर्वाद सभा को भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आज बिहार में डबल इंजन की सरकार ने बिहार की तस्वीर और तकदीर बदली है। उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार और बिहार की नीतीश सरकार ने विकसित बिहार की नींव रख दी है। अब इसे आगे ले जाने की जरूरत है।

‎‎श्री जायसवाल ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे सभी राजग समर्थित प्रत्याशियों को प्रचंड बहुमत से विजयी बनाकर बिहार के विकास और जनता की खुशहाली के मार्ग को और आगे बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि बिहार के लोगों ने विकास को देखा है और पहचान भी लिया है। उन्होंने राजद के शासनकाल की भी चर्चा की और बिहार में उस विनाश के दौर को भी याद किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित