नयी दिल्ली , अप्रैल 27 -- इंडियन रेलवे मैकेनिकल इंजीनियर सेवा (आईआरएसएमई) के वरिष्ठ अधिकारी दिलीप कुमार ने सोमवार को भारतीय इस्पात प्राधिकरण लिमिटेड (सेल) के मुख्य सतर्कता अधिकारी (सीवीओ) के रूप में कार्यभार ग्रहण किया।
उनके पास ट्रेन संचालन, रोलिंग स्टॉक के रखरखाव और मानव संसाधन प्रबंधन में दो दशकों से अधिक का अनुभव है। उन्होंने भारतीय रेलवे में कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है, जिनमें पूर्व मध्य रेलवे के अपर मंडल रेल प्रबंधक और बिहार के नालंदा में हरनौत के मुख्य कारखाना प्रबंधक का पद शामिल है।
सेल की ओर से आज जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि श्री कुमार के नाम कई नवाचारों जैसे पूर्व मध्य रेलवे की पहली आईएसओ 9001 प्रमाणित ट्रेन, वैगन में आसानी से पहिया बदलने की तकनीक की शुरुआत करने और राष्ट्रीय स्तर पर प्रशंसित मधुबनी रेलवे स्टेशन सौंदर्यीकरण परियोजना के श्रेय हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित