बारां , फरवरी 08 -- राजस्थान के शिक्षा एवं पंचायतीराज मंत्री मदन दिलावर ने रविवार को केलवाड़ा में आयोजित उद्घाटन समारोह में शामिल होने जाते समय सुबह पंचायत समिति बारां और किशनगंज की चार ग्राम पंचायत का औचक निरीक्षण किया।

श्री दिलावर सबसे पहले ग्राम पंचायत संबलपुर पहुंचे। उन्हें अपने गांव में देख ग्रामीण इकट्ठा हो गए। दिलावर से गांव में गंदगी रहने और पंचायत द्वारा सफाई नहीं करने की शिकायत की। गांव के ही युवक कपिल ने श्री दिलावर को बताया की गांव के सभी लोग लंबे समय से आपके आने का इंतजार कर रहे थे, आज सौभाग्य से आप अचानक गांव में आ गए हैं। आप स्वयं ही देखें पंचायत गांव में सफाई बिल्कुल नहीं कर रही है।

इस पर श्री दिलावर ने ग्राम वासियों के साथ पूरे गांव का दौरा किया और सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। गांव में गंदगी और जाम नालियां देखकर उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि खंड विकास अधिकारी, ग्राम विकास अधिकारी, सहायक अभियंता, प्रशासक से स्वच्छता अभियान के पैसे की वसूली होगी। साथ ही उन्होंने ब्लॉक कोऑर्डिनेटर और प्रभारी नोडल अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।

श्री दिलावर ने पंचायत समिति बारां की विकास अधिकारी श्वेता से सफाई नहीं होने को लेकर सवाल जवाब किए। उन्होंने कहा कि जब हम हर महीने सफाई के लिए अलग से पैसा दे रहे हैं तो फिर सफाई क्यों नहीं कराई जा रही है।

श्री दिलावर ने कहा कि सफाई राशि का उपयोग निर्माण कार्य मे किया होगा तो पूरी वसूली करूंगा।

उन्होंने मौके पर स्वच्छता अभियान की ब्लॉक कोऑर्डिनेटर और प्रभारी नोडल अधिकारी के नहीं मिलने पर भी नाराजगी जाहिर की और उनके खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित