जयपुर , फरवरी 04 -- राजस्थान की उपमुख्यमंत्री और महिला एवं बाल विकास मंत्री दिया कुमारी ने आईसीडीएस राजस्थान को एक बार फिर से प्रधानमंत्री मातृ वन्दना योजना में राष्ट्रीय स्तर पर जारी मासिक रैंकिंग, (जनवरी 2026) में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर बधाई दी है।
श्रीमती दिया कुमारी ने कहा कि महिला एवं बाल विकास विभाग के तहत आईसीडीएस की ओर से सितम्बर 2025 में प्रधानमंत्री मातृ वन्दना योजना में मासिक रैंकिंग में प्रथम स्थान करने के पश्चात पुनः जनवरी 2026 में भी प्रथम स्थान प्राप्त करना गर्व की बात है। इसके लिए सभी विभागीय अधिकारियों द्वारा अच्छा कार्य किया गया है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के मार्गदर्शन में विभाग द्वारा निरंतर कीर्तिमान रचे जा रहे हैं, जिसमें उक्त उपलब्धियों के साथ ही पिछले वर्ष 2025 में विभाग को पोषण माह में दूसरा तथा पोषण पखवाड़ा में प्रथम स्थान मिलना भी उल्लेखनीय उपलब्धि है।
आईसीडीएस निदेशक वासुदेव मालावत ने बताया कि राजस्थान के प्रथम स्थान के साथ ही इस मासिक रैकिंग में कर्नाटक दूसरे स्थान पर तथा असम तीसरे स्थान पर है वहीं महाराष्ट्र और उत्तरप्रदेश क्रमशः चौथे और पाचंवे स्थान पर हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित