जयपुर , मार्च 08 -- राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी से रविवार को मुएथाई खिलाड़ियों ने मुलाकात कर उन्हें महिला दिवस की बधाई दी।

श्रीमती कुमारी ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर राजस्थान की प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को सम्मानित किया जिन्होंने मुएथाई खेल में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया है।

इस दौरान उपमुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया और उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं और एशियाई ओलंपिक यूथ गेम्स में भाग लेने वाले खिलाड़ी मुदित गुप्ता को बधाई देते हुए उनके प्रदर्शन की सराहना की।

इस मौके पर श्रीराम मार्शल आर्ट के निदेशक और खिलाड़ियों के मार्गदर्शक श्रीराम चौधरी ने उपमुख्यमंत्री को मोमेंटो और मैगजीन भेंट की तथा मुएथाई खेल के बारे में जानकारी दी। श्रीमती कुमारी ने खिलाड़ियों को इस खेल में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

उल्लेखनीय है कि हाल में हैदराबाद में आयोजित राष्ट्रीय मुएथाई चैंपियनशिप में राजस्थान के खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 33 स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीतकर इतिहास रचा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित