जयपुर , मार्च 17 -- राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने आज जयपुर के विद्याधर नगर विधानसभा क्षेत्र में अंबाबाड़ी सब्जी मंडी, अंबाबाड़ी नाला, अंबाबाड़ी पार्क, स्वर्ण जयंती पार्क एवं एमआईसी सेंटर का दौरा कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

इस दौरान उनके साथ जेडीसी सिद्धार्थ महाजन, नगर निगम के सीईओ गौरव सैनी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे। निरीक्षण के दौरान उपमुख्यमंत्री ने क्षेत्र की स्वच्छता व्यवस्था, मूलभूत सुविधाओं, यातायात प्रबंधन एवं नागरिक सेवाओं की गुणवत्ता का गहन अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कार्यों में तेजी लाई जाए।

उन्होंने क्षेत्र के सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि पार्कों, सड़कों और सार्वजनिक स्थलों को व्यवस्थित एवं आकर्षक बनाया जाए ताकि नागरिकों को स्वच्छ और बेहतर वातावरण मिल सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित