जयपुर , दिसंबर 14 -- राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने भजनलाल सरकार के दो वर्ष पूरे होने पर आयोजित कार्यक्रमों के तहत रविवार को जयपुर के विद्याधरनगर में विकास रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

श्रीमती दिया कुमारी ने इस अवसर पर विद्याधरनगर विधानसभा क्षेत्र के बड़ पीपली बस स्टैंड पर आयोजित कार्यक्रम में शिरकत कर आमजन को राज्य सरकार की जनसेवा के प्रति समर्पित ऐतिहासिक उपलब्धियों से अवगत कराया। कार्यक्रम में इस बात का संकल्प लिया गया कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ विद्याधर नगर विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक परिवार तक समयबद्ध एवं प्रभावी रूप से पहुंचे। इसी उद्देश्य के तहत सरकार की उपलब्धियों और कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया।

उन्होंने सरकार के दो वर्षों के विकास कार्यों को दर्शाने के लिए विकास रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना कर कहा कि गत दो वर्षों में सरकार ने जनता से किए गए वादों को धरातल पर उतारने का कार्य किया है और योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के सफल प्रयासों से राजस्थान निरंतर विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उपमुख्यमंत्री ने विश्वास दिलाया कि आने वाले समय में और भी बड़े कार्य किए जाएंगे, जिनका सीधा लाभ प्रदेश की जनता को मिलेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित