जयपुर , दिसंबर 27 -- राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने दसवें सिख गुरु गोविंद सिंह के 359वें प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर शनिवार को यहां उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
श्रीमती दियाकुमारी ने सिटी पैलेस के सर्वतोभद्र चौक में गुरु गोविंद सिंह के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। उन्होंने सिटी पैलेस में गुरु गोविंद सिंह की ऐतिहासिक तलवार 'श्री साहेब' की पूजा-अर्चना भी की। पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ सम्पन्न इस धार्मिक अनुष्ठान के दौरान उन्होंने गुरु गोविंद सिंह के शौर्य, त्याग, बलिदान और धर्मरक्षा के लिए किए गए अतुलनीय योगदान को स्मरण किया।
उन्होंने कहा कि गुरु गोविंद सिंह का जीवन साहस, समानता, न्याय और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उनका सम्पूर्ण जीवन धर्म, मानवता और सामाजिक न्याय की रक्षा के लिए समर्पित रहा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित