जयपुर , फरवरी 06 -- राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने शुक्रवार को राजधानी जयपुर में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय प्रदर्शनी इंडिया स्टोन मार्ट-2026 में जयपुर आर्किटेक्चर फेस्टिवल का उद्घाटन किया।

श्रीमती दियाकुमारी ने जयपुर एग्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर (जेईसीसी) सीतापुरा में आयोजित इंडिया स्टोन मार्ट-2026 में दीप प्रज्जवलित कर इसका शुभारंभकिया। इससे पहले उन्होंने आर्किटेक्चर फेस्टिवल में लगी विभिन्न प्रदर्शनीयों का अवलोकन किया और राजस्थान की कला, शिल्प और प्रतिभा की सराहना की। इस अवसर पर उन्होंने ऑल इंडिया स्टोन आर्किटेक्चरल अवार्ड 2025 के विजेताओं को भी सम्मानित किया।

इस अवसर पर उन्होंने संबोधन में कहा कि आज सभी को सम्मानित करने का अवसर मिलना गर्व की बात है और इसके लिए उन्होंने आयोजकों सहित लघु उद्योग भारती का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जयपुर देश के सबसे सुनियोजित शहरों में से एक है। स्टोन के क्षेत्र में हुए नवाचारों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि बड़े-बड़े मंदिरों और विश्व की प्रमुख इमारतों में राजस्थान के पत्थरों का उपयोग हुआ है, जो प्रदेश और देश के लिए अत्यंत गर्व की बात है।

श्रीमती दिया कुमारी ने कहा कि राजस्थान का आर्किटेक्चर विश्व प्रसिद्ध है और इसकी सराहना हर जगह होती है। उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह के फेस्टिवल से नई तकनीकों की जानकारी मिलती है, जिसका लाभ भविष्य में मिलेगा। साथ ही छोटे कारीगरों को बड़े बाजार से जुड़ने का अवसर भी प्राप्त होता है, जो एक सराहनीय पहल है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित