भोपाल , मार्च 26 -- मध्यप्रदेश के सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के अयोध्या में रामलला के दर्शन करने को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी है।
मंत्री सारंग ने कहा कि कांग्रेस ने वर्षों तक भगवान श्रीराम के अस्तित्व पर प्रश्न उठाए और राम मंदिर निर्माण का विरोध किया, जबकि अब उसी पार्टी के नेता अयोध्या जाकर दर्शन कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि दिग्विजय सिंह सनातन धर्म के विरुद्ध बयान देने वाले नेताओं में शामिल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि राम मंदिर करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है और हर व्यक्ति को वहां जाकर दर्शन करना चाहिए, लेकिन आस्था का प्रदर्शन दिखावे के लिए नहीं होना चाहिए। मंत्री सारंग ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि उन्हें भी अयोध्या जाकर भगवान रामलला के दर्शन करना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व पर जनभावनाओं से दूर होने का आरोप लगाया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित