भोपाल , जनवरी 19 -- वर्ल्ड इकॉनोमिक फोरम-2026 के दौरान दावोस में मध्यप्रदेश के नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में निवेश को लेकर सकारात्मक और सार्थक संवाद हुआ। नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला ने जर्मनी की वैश्विक कंपनी ग्रीन एनर्जी-3000 के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर प्रदेश के नवकरणीय ऊर्जा रोडमैप, हालिया परियोजनाओं और निवेश-अनुकूल नीतियों की जानकारी साझा की।

मंत्री श्री शुक्ला ने बताया कि मध्यप्रदेश की पारदर्शी निविदा एवं खरीद प्रक्रियाएं विदेशी डेवलपर्स की भागीदारी को प्रोत्साहित करती हैं और ग्रीन एनर्जी-3000 जैसी अंतरराष्ट्रीय कंपनियों के लिए प्रदेश में व्यापक अवसर उपलब्ध हैं। दावोस स्थित मध्यप्रदेश स्टेट लाउंज में आयोजित बैठक में ग्रीन एनर्जी-3000 के मैनेजिंग डायरेक्टर्स श्री फेलिक्स रेंकर और श्री एंड्रियास रेंकर उपस्थित रहे।

कंपनी प्रतिनिधियों ने अपनी संस्था को एक एकीकृत नवकरणीय ऊर्जा डेवलपर के रूप में प्रस्तुत करते हुए ईपीसी, परियोजना वित्तपोषण और इक्विटी निवेश में अपनी क्षमताओं की जानकारी दी। उन्होंने यूरोप, मध्य पूर्व और भारत में संचालित वैश्विक परियोजनाओं के अनुभव साझा करते हुए मध्यप्रदेश की परियोजनाओं में रुचि जताई।

आगे की कार्य योजना पर चर्चा करते हुए अपर मुख्य सचिव नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा श्री मनु श्रीवास्तव ने हाल ही में प्रदेश में संपन्न निविदाओं का विवरण साझा किया, जिससे भविष्य की निविदाओं में संभावित भागीदारी का मार्ग प्रशस्त हो सके। बैठक को स्वच्छ ऊर्जा परियोजनाओं में निवेश बढ़ाने और वैश्विक सहयोग को सशक्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना गया।

इससे पूर्व मंत्री श्री शुक्ला ने जिनेवा स्थित पीस इन्वेस्ट के चीफ इन्वेस्टमेंट ऑफिसर श्री यूसुफ मर्चेंट के साथ बैठक कर जल एवं ऊर्जा क्षेत्र में सतत विकास आधारित निवेश की संभावनाओं पर चर्चा की। मंत्री ने प्रदेश की उपलब्धियों और को-इन्वेस्टमेंट मॉडल के माध्यम से स्वच्छ ऊर्जा एवं जल प्रबंधन परियोजनाओं को आगे बढ़ाने के अवसरों से अवगत कराया।

बैठक में प्रमुख सचिव औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन राघवेंद्र सिंह और आयुक्त जनसम्पर्क दीपक सक्सेना भी उपस्थित रहे। दोनों पक्षों ने जल एवं ऊर्जा के क्षेत्र में सतत और प्रभाव-आधारित परियोजनाओं में सहयोग को लेकर संवाद जारी रखने पर सहमति व्यक्त की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित