हैदराबाद , मार्च 26 -- तेलंगाना के सूचना एवं उद्योग मंत्री डी श्रीधर बाबू ने गुरुवार को विधानसभा को सूचित किया कि राज्य सरकार ने दावोस में विश्व आर्थिक मंच पर हस्ताक्षरित समझौतों ज्ञापनों के माध्यम से महत्वपूर्ण निवेश प्राप्त किया है।
प्रश्नकाल के दौरान सदस्यों द्वारा उठाए गए प्रश्नों का उत्तर देते हुए मंत्री ने कहा कि सरकार ने दावोस में 2.19 लाख करोड़ रुपये के सामूहिक निवेश वाले 44 एमओयू पर हस्ताक्षर किया है और इन निवेशों से राज्य में लगभग 68,150 प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होने की उम्मीद है।
उन्होंने जानकारी देते हुए कहा कि अकेले 2024 की दावोस यात्रा के दौरान, तेलंगाना ने 18 समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किये थे जिससे 40,232 करोड़ रुपये का निवेश प्राप्त हुआ था।
उन्होंने सदन को यह भी सूचित किया कि 81,800 करोड़ रुपये के प्रस्तावित निवेश वाली छह कंपनियों को भूमि आवंटित की गई है। इन निवेशों से राज्य को 1,540 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त होने की उम्मीद है। इसके अलावा राज्य सरकार 30,000 करोड़ रुपये का निवेश करने की योजना बना रही तीन और कंपनियों के लिए भूमि चिन्हित की गयी है।
उन्होंने क्षेत्रीय विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्तमान में निजामाबाद स्थित आईटी टावर से 11 कंपनियां काम कर रही हैं, जिसकी बैठने की क्षमता 681 है। फिलहाल, इस सुविधा में 276 कर्मचारी कार्यरत हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित