नयी दिल्ली , नवंबर 17 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) बिहार विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत के साथ ही देशभर में 1654 विधानसभा सीटों पर काबिज हो गयी है। भाजपा का यह अबतक का सर्वोच्च प्रदर्शन है। पार्टी का दावा है कि अगले दो वर्षों में वह 1800 से अधिक विधानसभा सीटों पर काबित होगी।

भाजपा के आधिकारिक एक्स एकाउंट पर जारी एक पोस्ट में लिखा गया कि भाजपा अब राज्य विधानसभाओं में अपनी सर्वोच्च शक्ति पर है और यह तेज गति से आगे बढ़ रही है। अगर इसी गति से आगे भाजपा आगे बढ़ती रही तो अगले दो वर्षों में आराम से 1800 सीटों का आंकड़ा पार कर लेगी।

इस पोस्ट में कहा गया कि कांग्रेस ने इंदिरा गांधी की हत्या के बाद सहानुभूति लहर पर सवार होकर 1985 में लगभग 2018 सीटों के अपने शिखर को छुआ था। तब सत्ता को मजबूत करना और मतदाताओं को प्रभावित करना आसान था। भाजपा की तरफ से लिखा गया कि अंतर स्पष्ट है, कांग्रेस को अपना शिखर विरासत में मिला था जबकि भाजपा ने अपनी लगातार उन्नति अर्जित की है। भाजपा ने सीट दर सीट, राज्य दर राज्य, संघर्ष दर संघर्ष कर इस मुकाम का पाया है। आगे पोस्ट में यह भी लिखा गया कि भविष्य उस पार्टी का है जो काम करती है, न कि उस पार्टी का जो विरासत पर चलती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित