दावणगेरे , मार्च 26 -- कर्नाटक में कांग्रेस ने दावणगेरे दक्षिण विधानसभा उपचुनाव के लिए अपने बागी उम्मीदवार एच. सुभान साब को पार्टी लाइन का उल्लंघन करने के लिए छह साल के लिए निलंबित कर दिया है।

कांग्रेस जिला इकाई के मुताबिक पार्टी में अनुशासन बनाये रखने के लिए यह कदम आवश्यक था।

यह उपचुनाव कांग्रेस के मौजूदा विधायक शमनूर शिवशंकरप्पा के निधन के बाद हो रहा है। वह 2008 से इस सीट पर काबिज थे। इस क्षेत्र में अपना प्रभाव बनाये रखने या विस्तार की कोशिश कर रहे राजनीतिक दलों के लिए यह मुकाबला बेहद अहम है।

सत्तारूढ़ कांग्रेस ने समर्थ शमनूर को अपना आधिकारिक उम्मीदवार बनाया है। इससे पता चलता है कि शमनूर राजनीतिक परिवार का प्रभाव बना हुआ है।

पार्टी के इस फैसले पर कुछ अल्पसंख्यक नेताओं ने आपत्ति जतायी है , जिससे चुनाव से पहले पार्टी के भीतर के मतभेद सामने आये हैं।

यहां से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार श्रीनिवास दासकरियप्पा के नामांकन भरा है। उनके नामांकन में पूर्व मुख्यमंत्री बी.एस. येदियुरप्पा भी मौजूद थे। श्री दासकरियप्पा ने जीत का भरोसा जताते हुए कहा कि मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच होगा।

राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि दावणगेरे दक्षिण में उपचुनाव में भाजपा के लिए कांग्रेस के इस पारंपरिक गढ़ में सेंध लगाने की क्षमता की परीक्षा होगा। इस क्षेत्र से ऐतिहासिक रूप से कांग्रेस को मजबूत समर्थन मिलता रहा है।

चुनाव अधिकारी संतोष कुमार ने गुरुवार को बताया कि आगामी उपचुनाव के लिए कुल 25 उम्मीदवारों के नामांकन वैध पाये गये हैं। इनमें से 24 पुरुष और एक महिला उम्मीदवार हैं। कुल उम्मीदवारों में से तीन राष्ट्रीय दलों के प्रतिनिधि हैं। 10 पंजीकृत गैर-मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से हैं और 12 निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित