बैतूल , मार्च 19 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के घोड़ाडोंगरी जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम दानवाखेड़ा में त्वचा रोग फैलने की सूचना के बाद स्वास्थ्य विभाग ने स्थिति को नियंत्रण में होने का दावा करते हुए सक्रियता बढ़ा दी है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज हुरमाड़े ने बताया कि 15 मार्च को सूचना मिलते ही बीएमओ के नेतृत्व में छह सदस्यीय मेडिकल टीम गांव भेजी गई, जिसने मौके पर पहुंचकर जांच और उपचार शुरू किया। इस दौरान छह बच्चों को एहतियातन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घोड़ाडोंगरी में भर्ती कराया गया, जिनकी स्थिति अब सामान्य है।

उन्होंने बताया कि 18 मार्च को चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुमित जाटव के नेतृत्व में पुनः स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिसमें कुल 28 मरीज चिन्हित हुए। इनमें 19 मरीज खुजली (स्केबीज) से पीड़ित पाए गए, जबकि नौ अन्य मरीज सर्दी-खांसी, बुखार और अन्य बीमारियों से ग्रसित मिले। किसी भी मरीज की स्थिति गंभीर नहीं बताई गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित