बहराइच , अक्टूबर 05 -- उत्तर प्रदेश के जनपद बहराइच थाना विशेश्वरगंज क्षेत्र में एक विवाहिता ने दहेज उत्पीड़न से परेशान होकर आत्महत्या कर ली है।
मृतका की मां ममता देवी निवासी पकड़िया पुरवा गुरचाही थाना पयागपुर ने अपनी बेटी की ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाते हुए थाना विशेश्वरगंज में तहरीर दी है। ममता देवी द्वारा दी गई लिखित शिकायत में बताया गया है कि उनकी बेटी पुष्पा की शादी मात्र छह माह पूर्व ग्राम पंचायत जमुनहा कला के मजरा श्रीनगर चौराहा निवासी रामबाबू मौर्या के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही दामाद रामबाबू मौर्या, सास-ससुर जयप्रकाश मौर्या, ननद अन्नी (निवासी नरायणापुर थाना पयागपुर) तथा ननद आरती (निवासी जयमलपुरवा थाना विशेश्वरगंज) पुष्पा को दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे।
ममता देवी ने बताया कि उनकी बेटी के साथ मारपीट की जाती थी। पुष्पा कई बार फोन पर अपनी पीड़ा बताती थी। घटना की जानकारी चार अक्टूबर रात करीब 11 बजे पुष्पा के पति रामबाबू मौर्या ने ममता देवी को फोन कर सूचना दी कि उनकी बेटी ने फांसी लगा ली है। परिजनों के मौके पर पहुँचने पर पुष्पा मृत अवस्था में पाई गई।
सूचना मिलने पर विशेश्वरगंज थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना अध्यक्ष राजकुमार पाण्डेय ने बताया कि मृतका की मां की तहरीर के आधार पर थाना विशेश्वरगंज में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले की विवेचना सीओ पयागपुर के द्वारा की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित