बारां , अप्रैल 02 -- राजस्थान में बारां में श्री हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर गुरुवार को श्रीराम स्टेडियम बारां से निकली दसवीं विशाल पदयात्रा ने पूरे शहर को भक्ति और उत्साह के रंग में रंग दिया।

अंता विधायक एवं पूर्व मंत्री प्रमोद जैन भाया, जिला प्रमुख उर्मिला जैन भाया, कार्यक्रम संयोजक एवं पूर्व विधायक पानाचंद मेघवाल और श्रीमती निर्मला सहरिया के नेतृत्व में हजारों की संख्या में बालाजी भक्त जयकारों के साथ श्री बड़ां बालाजी धाम के लिए रवाना हुए।

पदयात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर सामाजिक संगठनों, समाजों एवं धर्मप्रेमी नागरिकों द्वारा श्रद्धालुओं का आत्मीय स्वागत किया गया। भक्ति, उल्लास और आकर्षक झांकियों का संगम पदयात्रा मार्ग को केसरिया पताकाओं और आकर्षक सजावट से सजाया गया था। यात्रा में हाथी पर महामंडलेश्वर विराजमान रहे, जबकि घोड़ों पर सवार केसरिया ध्वज लिए घुड़सवार विशेष आकर्षण का केंद्र रहे।

हाड़ौती साधु-संत मंडल के 51 से अधिक संतों ने भी यात्रा में शामिल होकर श्रद्धालुओं को आशीर्वाद प्रदान किया।सहरिया स्वांग, महाबली हनुमान, राधा-कृष्ण, शिव-पार्वती, राम दरबार और गणेशजी की झांकियां लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं। प्रताप चौक स्थित बड़ वाले बालाजी मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद यात्रा आगे बढ़ी। यात्रा मार्ग में ड्रोन और जेसीबी के माध्यम से पुष्पवर्षा की गई, जिससे वातावरण और अधिक भक्तिमय हो गया।

श्री बड़ां बालाजी धाम में आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों के तहत जगद्गुरु रामानंदाचार्य राजस्थान संस्कृत विश्वविद्यालय, जयपुर के दर्शन संकाय अध्यक्ष शास्त्री कोसलेन्द्रदास जी महाराज, पंडित बृजराज शास्त्री और पंडित लक्ष्मीनारायण के सानिध्य में 108 ब्राह्मणों द्वारा बालाजी का विशेष अभिषेक किया गया। इस दौरान वाल्मीकि सुंदरकांड, हनुमान चालीसा, हनुमान अष्टक और बजरंग बाण का सामू हिक पाठ किया गया।

श्री भाया ने विद्वान आचार्यों की उपस्थिति में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन-अनुष्ठान करके पूर्णाहुति दी और विश्व शांति, राज्य एवं जिलेवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।

पदयात्रा श्रीराम स्टेडियम से शुरू होकर प्रताप चौक, धर्मादा चौराहा, मेला मैदान, गोपाल कॉलोनी, माथना तिराहा, समसपुर और खेड़ली होते हुए श्री बड़ां बालाजी धाम पहुंची। मार्ग में श्रद्धालुओं के लिए हजारों की संख्या में शीतल छाछ और पेय पदार्थों की व्यवस्था की गई। पुरुषों और महिलाओं के सिर पर केसरिया साफे भी आकर्षण का केंद्र रहे। कई संस्थाओं ने शरबत, आइसक्रीम, फल वितरण, पुष्पवर्षा और आतिशबाजी कर स्वागत किया।

श्री बड़ां बालाजी धाम मंदिर परिसर में पदयात्रियों के लिए भोजन और शीतल पेय की व्यवस्था की गई। हजारों श्रद्धालुओं ने महाप्रसादी, मांगलिक भोज, संगीतमय सुंदरकांड पाठ और महाआरती में भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित