दरभंगा , जनवरी 21 -- बिहार के दरभंगा में सरस्वती पूजा के अवसर पर विधि व्यवस्था बनाये रखने के लिए 746 स्थलों पर सुरक्षा बलों एवं पुलिस पदाधिकारियों तथा दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है, वहीं समाहरणालय में जिला नियंत्रण कक्ष 23 से 26 जनवरी तक विशेष रूप से इस पर ध्यान रखेगा।
जिलाधिकारी कौशल कुमार एवं वरीय पुलिस अधीक्षक जगुन्नाथ रेड्डी ने आदेश जारी कर बताया कि सरस्वती पूजा 23 जनवरी 2026 को मनाई जायगी और इसके बाद प्रतिमा का विसर्जन 24, और 25 तारीख को होगा। उन्होंने कहा कि प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं थानाध्यक्ष प्रतिमा विसर्जन के जुलूस मार्गों का भौतिक सत्यापन करेंगे और मार्ग में व्यवधान की स्थिति में है तो उसे विसर्जन यात्रा से पहले ही साफ और सुरक्षित किया जायेगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि यातायात प्रभारी इस दौरान स्वयं भ्रमणशील रहते हुए सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने कहा कि जिले के अग्निशाम पदाधिकारी पूजा के अवसर पर जिला नियंत्रण कक्ष तथा मनीगाछी थाने पर 23 से 26 जनवरी 2026 तक अग्निशाम की एक युनिट तैयार हालत में रखेंगे।
जिलाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक ने बताया कि शांति व्यवस्था बनाये रखने एवं साम्प्रदायिक तनाव की स्थिति से निपटने की पूरी जिम्मेवारी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, संबंधित थानाध्यक्ष, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी एवं पुलिस निरीक्षक की होगी। उन्होंने कहा कि सभी अनुमंडल पदाधिकारी/अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में विधि-व्यवस्था के सम्पूर्ण प्रभार में रहेंगे।
उन्होंने बताया कि पूजा के अवसर पर सभी कर्मियों के अवकाश पर अगले आदेश तक रोक लगा दिया गया है। उन्होंने कहा कि पूजा पंडाल एवं उसके आस-पास के क्षेत्र का एण्टी-सबोटेज जॉच आवश्यक है और इसके लिए सुरक्षा उपकरणों का प्रयोग किया जायेगा। उन्होंने कहा कि भीड़ की गतिविधियों एवं क्रियाकलापों पर निगरानी रखने के लिए पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे, वीडियोग्राफी एवं फोटोग्राफी की व्यवस्था की गई है।
जिलाधिकारी ने कहा कि मूर्ति विसर्जन के समय ऐसी कोई भी झांकी या दृश्य (व्यंग्य चित्र सहित) दिखाने पर रोक होगी, जिससे सम्प्रदाय, जाति, वर्ग अथवा समुदाय को भावनाओं को ठेस न पहुंचे और इसका सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित किया जायेगा। उन्होंने कहा कि विसर्जन के समय घाटों पर आने-जाने वाले रास्तों पर निर्मित पुल-पुलिया की मजबूती सुनिश्चित करना है। विसर्जन के समय घाटों एवं रास्तों पर रोशनी की व्यवस्था की जाएगी। रेलवे स्टेशन एवं बस स्टैंड पर बाहर से आने वाले लोगों पर निगरानी रखने और चेकिंग की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा कि संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति एवं सघन गश्ती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं ।
जिलाधिकारी ने कहा कि बिना अनुज्ञप्ति के किसी भी जुलूस को निकलने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित