दरभंगा , अप्रैल 03 -- बिहार में दरभंगा जिले के नगर थाना क्षेत्र में अपराधियों ने शुक्रवार को एक थोक स्वर्ण आभूषण व्यापारी के प्रतिष्ठान से स्वर्ण आभूषण एवं नगद राशि लूट ली।
वरीय पुलिस अधीक्षक जगुन्नाथ रड्डी जलारड्डी ने बताया कि बड़ा बाजार मुहल्ला के महथा मार्केट में स्थित स्वर्ण आभूषण के थोक व्यवसायी मनोज ठाकुर के प्रतिष्ठान प्रेम ज्वैलर्स में चार की संख्या में अपराधियों ने धावा बोला। इसके बाद अपराधियों ने दुकान के मालिक एवं कर्मचारियों को कब्जे में ले लिया और आभूषण और नगद रुपए लूट लिए। उन्होंने बताया कि दुकान मालिक ने लिखित आवेदन नहीं दिया है जिससे लूटी गयी राशि का सही पता लग सक। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है।इस मामले में विशेष जांच दल ( एसआईटी) का भी गठन किया गया है।
इस बीच मिथिला क्षेत्र के आरक्षी उपमहानिरीक्षक मनोज तिवारी ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर पूरे मामले की जांच की एवं आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि आसपास की दुकान और सड़कों पर लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज को संग्रह किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित