दरभंगा , फरवरी 06 -- बिहार में दरभंगा जिले के कुशेश्वर स्थान थाना क्षेत्र में मजदूरी के भुगतान को लेकर हुयी झड़प में 11 लोग घायल हो गये तथा इस मामले में 12 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस उपाधीक्षक प्रभाकर तिवारी ने शुक्रवार को यहां बताया कि 30 जनवरी को हरिनगर गांव में दलित वर्ग के कुछ मजदूरों ने सवर्ण जाति के व्यक्ति के भवन के निर्माण कार्य के लिए 2.47 लाख रुपये की बकाया मज़दूरी के भुगतान की मांग की थी। उन्होंने बताया कि सवर्ण जाति के लोगों को मजदूरों द्वारा मज़दूरी मांगने के तरीके से ठेस पहुंची। दलितों ने मजदूरी की मांग करते हुये मकान मालिक के परिजनों को कथित रूप से अपमानित किया था। इसके बाद दोनों गुटों के बीच तनाव बढ़ गया और अगले दिन उनके बीच झड़प हो गई, जिसमें दलित समाज के 11 लोग घायल हो गए।
श्री तिवारी ने बताया कि दलितों ने कुशेश्वर स्थान थाना में अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई है, जिसमें 70 लोगों को नामजद आरोपी और 150 अन्य अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है। उन्होंने बताया कि मामले में आरोपी बनाए गए कुल 12 लोगों को अब तक गिरफ्तार किया जा चुका है। दलितों पर इस मामले में दूसरे पक्षों ने भी प्राथमिकी दर्ज कराई है। हालांकि इस संबंध में अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित