पटना , मार्च 27 -- बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने दरभंगा शोभन बाईपास के समीप बन रहे बिहार के दूसरे अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) निर्माण के लिए केंद्र सरकार की ओर से दिए गए संशोधित अनुमानित लागत राशि की मंजूरी पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा का आभार प्रकट किया है।
श्री पांडेय ने आज बयान जारी कर कहा कि इस घोषणा के बाद एम्स निर्माण कार्य में और तेजी आयेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में राज्य के अंदर स्वास्थ्य सेवाएं लगातार सुदृढ़ हुई हैं । पहले केंद्र सरकार ने एम्स निर्माण के लिए मंजूरी दी थी, जो बिहार वासियों के लिए एक बड़ी सौगात थी। अब निर्माण कार्य के लिए संशोधित अनुमानित लागत राशि दिया जाना स्वागत योग्य है। अब एम्स निर्माण की कुल लागत राशि 2006.07 करोड़ रुपये कर दिया गया है।
श्री पांडेय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी एवं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री श्री नड्डा द्वारा दिए गए दरभंगा एम्स सौगात से उत्तर-पूर्वी क्षेत्र के लिए स्वास्थ्य क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव आने वाला है। वही मुख्यमंत्री श्री कुमार के नेतृत्व और मार्गदर्शन में राज्य में स्वास्थ्य संरचना का लगातार विस्तार हो रहा है, जिससे आमजन को बेहतर और सुलभ इलाज की सुविधा मिल रही है।
श्री पाण्डेय ने कहा कि दरभंगा में एम्स निर्माण होने से आसपास के क्षेत्र के लोगों के लिए ये रोजगार सृजन का एक बड़ा माध्यम बनेगा। वहीं राज्य की आर्थिक समृद्धि में भी बहुमूल्य योगदान मिलेगा,जिससे स्वस्थ और विकसित बिहार बनने में काफी मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि दरभंगा में एम्स निर्माण किया जाना श्री मोदी की बिहार के प्रति एक समर्पण भाव को दर्शाता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित