दरभंगा , फरवरी 09 -- बिहार में विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र में छह वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या के आरोप में गिरफ्तार विकास कुमार महतो को बच्चों का लैंगिक अपराध से संरक्षण (पॉक्सो) अदालत ने 14 दिनों के न्यायिक हिरासत में दरभंगा मंडल कारा भेज दिया है।

पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि जिले के विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र में छह वर्षीय बच्ची की दुष्कर्म के बाद की गयी निर्मम हत्या के आरोप में गिरफ्तार विकास कुमार महतो को पुलिस ने भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आज पॉक्सो अदालत में पेश किया। पॉक्सो अदालत के विशेष न्यायाधीश प्रोतिमा परिहार की अदालत ने विकास कुमार महतो को 14 दिनों के लिए न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।

सूत्रों ने बताया कि बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या मामले के बाद हुई हिंसक घटना को लेकर पुलिस द्वारा वीडियो फूटेज के आधार 30 नामजद और 200 अज्ञात लोगों पर प्राथमिकी दर्ज किया गया है। इस सिलसिले में अनुमंडल पदाधिकारी सदर, विकास कुमार और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर वन, राजीव कुमार के नेतृत्व में रविवार की देर रात सुंदरपुर बेला में छापेमारी कर छह आरोपी युवकों को गिरफ्तार किया गया है।

सूत्रों ने बताया कि हत्या के आरोपी को पुलिस के गिरफ्त से निकाल खुद सजा देने को लेकर स्थानीय लोगों ने बेला दुर्गा मंदिर के समीप सड़क जामकर हंगामा किया था। गिरफ्तार श्रवण साह, विकास सहनी, उमेश राम, राहुल सहनी, परशुराम सहनी उर्फ प्रिंस कुमार राज और नंदलाल सहनी उर्फ अभिराज कुमार को मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी जुनैद आलम के न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में दरभंगा मंडल कारा भेज दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित