सूरजपुर , फरवरी 18 -- छत्तीसगढ़ के सूरजपुर में ठंड से बचने के लिए कमरे में कोयला जलाकर सोने के कारण मंगलवार रात को एक ही परिवार के तीन लोगों की दम घुटने से मौत हो गई है। यह हृदयविदारक घटना जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के कोट चन्दरपुर की है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान कवल सिंह (28) उसकी पत्नी कुंती (25) और उनके चार वर्षीय मासूम बच्चे के रूप में हुई है। यह परिवार बेहद गरीब था और ठंड से बचने के लिए उसके पास कोई विशेष इंतजाम नहीं थे। कल रात तापमान गिरने के कारण परिवार ने कमरे के अंदर पत्थर के कोयले का अंगीठा जलाकर रख लिया और दरवाजे-खिड़कियां बंद करके सो गए।

कोयला जलने से निकलने वाली जहरीली कार्बन मोनोऑक्साइड गैस से बंद कमरे में धीरे-धीरे दम घुटने लगा। बुधवार की सुबह जब परिवार के लोगों ने दरवाजा नहीं खोला तो पड़ोसियों को आशंका हुई। काफी देर तक आवाज देने के बाद भी जब अंदर से कोई हरकत नहीं हुई तो ग्रामीणों ने घर का दरवाजा तोड़ दिया।

दरवाजा तोड़ते ही अंदर से धुएं का गुबार निकला। अंदर देखा तो तीनों बेसुध पड़े थे। आनन-फानन में उन्हें बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक तीनों की मौत हो चुकी थी। जिस कमरे में यह परिवार सोया था, उसमें हवा आने-जाने के लिए न तो कोई खिड़की थी और न ही रोशनदान।

ग्रामीणों ने बताया कि गरीबी के कारण इस परिवार के पास पक्के मकान का सपना तो दूर, एक सुरक्षित कमरा भी नहीं था, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित