भोपाल , फरवरी 21 -- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि दतिया अब विकास, नवाचार, महिला सशक्तिकरण और किसान समृद्धि का रोल मॉडल बन रहा है। उन्होंने सेवढ़ा में 529 करोड़ रुपए से अधिक लागत के 71 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि-पूजन करते हुए कहा कि जिले की विकास यात्रा अब रुकने वाली नहीं है।

मुख्यमंत्री ने करीब सवा 2 हजार करोड़ रुपए की रतनगढ़ सिंचाई परियोजना की घोषणा करते हुए बताया कि इससे 40 हजार से अधिक किसानों को सिंचाई सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि केन-बेतवा राष्ट्रीय नदी जोड़ो परियोजना का भी दतिया के किसानों को भरपूर लाभ मिलेगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में चल रही इस परियोजना से क्षेत्र में सिंचाई का रकबा तेजी से बढ़ेगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि दतिया में एयरपोर्ट के शुभारंभ के साथ भोपाल के लिए उड़ान शुरू हो चुकी है और वंदे भारत एक्सप्रेस से दिल्ली अब चंद घंटों की दूरी पर है। मां पीताम्बरा लोक के निर्माण से दतिया को नई धार्मिक और आध्यात्मिक पहचान मिलेगी।

उन्होंने कहा कि जिले में 1.48 लाख हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में सिंचाई सुविधा का विस्तार हुआ है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ 1.37 लाख से अधिक किसानों को मिल रहा है, जबकि 1.26 लाख किसान फसल बीमा योजना से आच्छादित हैं। पशुपालन और दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए शासकीय गौशालाओं में प्रति गाय अनुदान 20 रुपए से बढ़ाकर 40 रुपए किया गया है। डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना में 25 गाय पालने पर 10 लाख रुपए तक अनुदान दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि नए शैक्षणिक सत्र से शासकीय स्कूलों में नि:शुल्क दूध वितरण योजना शुरू की जाएगी। पात्र हितग्राहियों को पक्के मकान उपलब्ध कराने का संकल्प दोहराते हुए उन्होंने राहवीर योजना, लाड़ली बहना योजना और संबल योजना का उल्लेख किया।

कार्यक्रम में 299 करोड़ 32 लाख रुपए की लागत से 50 कार्यों का लोकार्पण और 230 करोड़ 44 लाख रुपए की लागत से 21 कार्यों का भूमि-पूजन किया गया। मुख्यमंत्री ने 475 करोड़ रुपए की नई सड़क, इंदरगढ़ में बस स्टैंड, सेवढ़ा में इंडोर स्टेडियम और इंदरगढ़ बायपास निर्माण की भी घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दतिया वीरता और भक्ति की भूमि है। यहां दतिया महल और गुज्जरा शिलालेख को यूनेस्को की टेंटेटिव सूची में स्थान मिला है, जिससे जिले की ऐतिहासिक पहचान को वैश्विक मान्यता मिली है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित