दतिया , मार्च 31 -- मध्यप्रदेश के दतिया में आज भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पार्षद कल्लू कुशवाह की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस सूत्रों के अनुसार पार्षद कल्लू कुशवाह आज सुबह घूमने निकले थे, तभी सेवढ़ा चुंगी चौराहे के पास तीन अज्ञात हमलावरों ने उनके ऊपर ताबड़तोड़ गोलीबारी शुरू कर दी। पार्षद के सिर में एक गोली लगने के बाद दूसरी गोली पीठ में लगते ही वे जमीन पर गिरे और उनकी मौत हो गई। घटना के समय पार्षद के साथ दो और लोग भी थे, लेकिन वे बच निकले।
पुलिस सूत्रों के अनुसार कल्लू कुशवाह पर विभिन्न पुलिस थानों में हत्या, हत्या का प्रयास, शराब तस्करी और आर्म्स एक्ट के करीब पंद्रह मामले दर्ज थे।
मृतक पार्षद के भाई शेरू कुशवाह ने भाई की हत्या में शामिल होने के संदेह में लगभग आधा दर्जन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
बताया जा रहा है कि हत्या की घटना के बाद दो आरोपियों ने पुलिस के समक्ष समर्पण कर दिया, लेकिन पुलिस ने अभी तक इसकी पुष्टि नहीं की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित