दतिया , अप्रैल 04 -- मध्यप्रदेश के दतिया जिले में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विधायक राजेंद्र भारती की विधानसभा सदस्यता समाप्त किए जाने के विरोध में प्रदर्शन किया और विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर तथा पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा के पुतले जलाए।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष अशोक डांगी के नेतृत्व में बम महादेव चौराहे पर आयोजित प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए और नारेबाजी की। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि राजेंद्र भारती की सदस्यता समाप्त करने का निर्णय जल्दबाजी में और एकतरफा तरीके से लिया गया है। उन्होंने इसे राजनीतिक साजिश करार देते हुए कहा कि सत्तारूढ़ दल विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रहा है।

उल्लेखनीय है कि नई दिल्ली की एक विशेष एमपी-एमएलए अदालत ने 2 अप्रैल को एक पुराने बैंक धोखाधड़ी मामले में राजेंद्र भारती को तीन वर्ष के कारावास की सजा सुनाई थी। इसके बाद विधानसभा सचिवालय ने अध्यक्ष के निर्देश पर देर रात उनकी सदस्यता समाप्त करते हुए दतिया सीट को रिक्त घोषित कर दिया। कांग्रेस का कहना है कि अदालत द्वारा अपील के लिए समय दिए जाने के बावजूद जल्दबाजी में यह कार्रवाई की गई, जिसे लेकर पार्टी लगातार विरोध जता रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित