नयी दिल्ली , फरवरी 12 -- राष्ट्रीय राजधानी में तेज दक्षिण-पश्चिमी हवाओं के चलने से गुरुवार सुबह वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) में सुधार दर्ज किया गया।
समीर ऐप के आंकड़ों के अनुसार, गुरुवार सुबह नौ बजे राजधानी का एक्यूआई 194 दर्ज किया गया, जो 'मध्यम' श्रेणी में आता है। यह बुधवार के 305 (खराब) के स्तर से काफी बेहतर है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को 'अच्छा', 51 से 100 को 'संतोषजनक', 101 से 200 को 'मध्यम', 201 से 300 को 'खराब', 301 से 400 को 'बहुत खराब' और 401 से 500 को 'गंभीर' माना जाता है।
विशेषज्ञों ने इस सुधार का श्रेय तेज हवाओं को दिया है। मौसम विभाग के अधिकारियों ने कहा, "पिछले 24 घंटों के दौरान दिल्ली में 17 किमी प्रति घंटे की गति से दक्षिण-पश्चिमी सतही हवाएं चली हैं। जिसके कारण राजधानी के एक्यूआई में सुधार देखा गया है।
विभाग के अनुसार आज भी राजधानी में हवा के तेज चलने का अनुमान है। हवा की रफ्तार दिन के समय 20 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। तेज हवाओं के बावजूद, साफ आसमान और खिली धूप के कारण शहर का अधिकतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित