सोल , नवम्बर 06 -- दक्षिण कोरिया में बहुसांस्कृतिक विवाहों की संख्या लगातार तीसरे वर्ष बढ़ी है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, यह बढ़ोतरी मुख्य रूप से दक्षिण कोरियाई पुरुषों और विदेशी दुल्हनों के बीच होने वाले विवाहों की वजह से दर्ज की गयी है।

आंकड़ों के अनुसार, 2024 में दक्षिण कोरिया के नागरिकों और विदेशी जीवनसाथियों के बीच कुल 21,450 विवाह हुए। यह संख्या पिछले वर्ष की तुलना में पांच फीसदी अधिक है। इन विवाहों में से ज़्यादातर मामलों में दक्षिण कोरियाई पुरुषों ने विदेशी महिलाओं से शादी की। पुरुषों की विदेशी महिलाओं से शादी करने का प्रतिशत 71.2 रहा, जबकि विदेशी पुरुषों से दक्षिण कोरियाई महिलाओं के बीच हुए विवाह का प्रतिशत 18.2 प्रतिशत ही रहा। इसके अलावा, 10.6 प्रतिशत विवाह ऐसे थे, जिनमें जीवनसाथी पहले किसी दूसरे देश के नागरिक थे, लेकिन अब दक्षिण कोरिया की नागरिकता ले चुके हैं। इससे स्पष्ट होता है कि कोरियाई युवा पुरुषों को विदेशी महिलाओं से शादी करने में गुरेज कम है।

इन अंतरराष्ट्रीय विवाहों में दूल्हे की औसत उम्र करीब 37 वर्ष और दुल्हन की 30 साल की रही है।

अगर इन विदेशी बहुओं और दामादों के देश को देखें तो पता चलता है कि विदेशी दुल्हनों में वियतनामी महिलाओं की हिस्सेदारी सबसे अधिक 26.8 प्रतिशत रही। चीन से आयी दुल्हनों का प्रतिशत 15.9 रहा जो इस मामले में दूसरा स्थान है। थाई दुल्हनें 10 प्रतिशत के साथ तीसरे स्थान पर हैं। दक्षिण कोरियाई महिलाओं से विवाह करने वाले विदेशी पुरुषों में अमेरिकी 7.0 प्रतिशत, चीनी 6.0 प्रतिशत और वियतनामी 3.6 प्रतिशत रहे।

रोचक बात यह है कि विदेशी दामाद और बहू वाले परिवारों में तलाक की दर भी घट रही है। साल 2024 में बहुसांस्कृतिक जोड़ों में तलाक की संख्या में दो प्रतिशत की कमी दर्ज की गयी।

दिलचस्प रूप से, अंतरराष्ट्रीय जोड़ों से जन्मे बच्चों की संख्या 10.4 प्रतिशत बढ़कर 13,416 हो गयी, जो 2012 के बाद पहली बार वृद्धि दर्शाती है।

यह आंकड़े दिखाते हैं कि दक्षिण कोरिया जैसे सामाजिक मामलों में कठोरता से जीवन जीने में विश्वास रखने वाले देश में वैश्वीकरण और सांस्कृतिक विविधता धीरे-धीरे समाज में अपनी जगह बना रही है, विशेषकर विवाह और पारिवारिक जीवन के स्तर पर।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित