चेन्नई , अक्टूबर 19 -- तमिलनाडु में मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में कहा है कि दक्षिण अरब सागर में बने निम्न दबाव क्षेत्र के अगले कुछ दिनों में चक्रवाती तूफान में बदलने से राज्य में भारी बारिश होने की संभावना है।
इस चक्रवाती तूफान की संभावना के मद्देनजर भारतीय तटरक्षक बल (आईसीजी) ने समुद्र में एक जहाज तैनात किया है। इसे समुद्री क्षेत्र में गश्त लगाने का काम सौंपा गया है।
रक्षा मंत्रालय ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, "चक्रवात अलर्ट। दक्षिण-पूर्व अरब सागर में निम्न दबाव क्षेत्र के चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना है।" इसमें आगे कहा गया, "भारतीय तटरक्षक बल का जहाज अभिराज तटीय जल में गश्त कर रहा है और उसने नाविकों और समुद्र में मौजूद मछुआरों को मौसम की चेतावनी दी है और मछुआरों से बंदरगाह पर लौटने का आग्रह किया है।"इस बीच, मौसम कार्यालय ने एक बुलेटिन में कहा कि तमिलनाडु में उत्तर-पूर्वी मानसून सक्रिय हो गया है। दक्षिणी, तटीय डेल्टा क्षेत्र, उत्तरी तटीय तमिलनाडु के चेन्नई और इसके पड़ोसी जिले जैसे कांचीपुरम, तिरुवल्लुर और चेंगलपट्टू साथ ही उत्तरी जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इन जिलों के लिए आने वाले दिनों में बारिश का येलो अलर्ट (7-11 सेमी बारिश) और ऑरेंज अलर्ट (12-20 सेमी भारी बारिश) जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने बताया कि दक्षिण-पूर्व अरब सागर और लक्षद्वीप क्षेत्र में बना स्पष्ट निम्न दबाव क्षेत्र आज सुबह 0830 बजे तक उसी क्षेत्र में बना हुआ था। इसके अगले 24 घंटों में पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ने और चक्रवात की संभावना है। इसके प्रभाव से 21 अक्टूबर, 2025 के आसपास दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में एक निम्न दबाव क्षेत्र बनने की संभावना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित