जोहान्सबर्ग , अप्रैल 16 -- दक्षिण अफ्रीका के प्रमुख विपक्षी नेता और 'इकोनॉमिक फ्रीडम फाइटर्स' (ईएफएफ) के प्रमुख जूलियस मलेमा को एक रैली के दौरान राइफल से हवा में फायरिंग करने के जुर्म में गुरुवार को पांच साल जेल की सजा सुनाई गई है।

यह साल 2018 का मामला है, जब ईस्टर्न केप प्रांत के एक स्टेडियम में मलेमा की पार्टी की पांचवीं वर्षगांठ का जश्न मनाया जा रहा था। इस दौरान एक वीडियो सामने आया था जिसमें मलेमा एक अर्ध-चालित राइफल से हवा में कई राउंड फायरिंग करते नजर आए थे।

पिछले साल उन्हें इस मामले में अवैध हथियार व गोला-बारूद रखने, सार्वजनिक स्थान पर गोलीबारी करने और लापरवाही से दूसरों की जान खतरे में डालने सहित पांच अपराधों का दोषी ठहराया गया था। आज कुगोम्पो शहर (पूर्व में ईस्ट लंदन) की मजिस्ट्रेट अदालत ने उनको सजा सुनाई है।

अदालत द्वारा सजा सुनाए जाने के कुछ ही मिनटों के भीतर मलेमा के वकीलों ने इस फैसले के खिलाफ अपील करने की अनुमति मांग ली। दक्षिण अफ्रीकी कानून के अनुसार, एक साल से अधिक की सजा मिलने पर मलेमा की संसद सदस्यता खत्म हो जाएगी और वे भविष्य में सांसद बनने के लिए अयोग्य हो जाएंगे। हालांकि, जब तक अपील की सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी नहीं हो जातीं, तब तक उनकी सदस्यता पर कोई आंच नहीं आएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित