अहमदाबाद , फरवरी 09 -- कप्तान एडन मारक्रम (59), डेविड मिलर (नाबाद 39) और ट्रिस्टन स्टब्स (नाबाद 34) की शानदार पारियों के बाद लुंगी एन्गिडी (चार विकेट) की अगुवाई में गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत दक्षिण अफ्रीका ने सोमवार को टी-20 विश्वकप के नौवें मुकाबले में कनाडा पर 57 रनों से जीत दर्ज की।

314 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी कनाडा की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने 45 के स्कोर तक अपने चार विकेट गंवा दिये। दिलप्रीत सिंह (शून्य) लुंगी एन्गिडी की पहली ही गेंद पर आउट हुये। तीसरे ओवर में लुंगी एन्गिडी ने युवराज सामरा (12) को आउट कर पवेलियन भेज दिया। लुंगी एन्गिडी का तीसरा शिकार निकोलस कीरटॉ (चार) बने। छठें ओवर में कगिसो रबाडा ने श्रेयस मोव्वा (नौ) को बोल्ड आउट किया। 15वें ओवर में लुंगी एन्गिडी ने हर्ष ठाकर को आउट कर दक्षिण अफ्रीका को पांचवी सफलता दिलाई। हर्ष ठाकर ने 29 गेंदों में दो चौके और दो छक्के लगाकर 33 रन बनाये। 18वें ओवर में मार्को यानसन ने साद बिन जफर (11) को आउट किया। अगली ही गेंद पर यानसन ने जसकरण सिंह (शून्य) का शिकार कर लिया। 20वें ओवर की पहली गेंद पर कॉर्बिन बॉश ने नवनीत धालीवाल को आउट कर कनाडा को आठवां झटका दिया। धालीवाल ने 49 गेंदों में सात चौके और एक छक्का लगाते हुए 64 रनों की पारी खेली कनाडा की टीम निर्धारित 20 ओवरों में आठ विकेट पर 156 रन ही बना सकी और 57 रनों से मुकाबला हार गई।

दक्षिण अफ्रीका के लिए लुंगी एन्गिडी ने चार विकेट लिये। मार्को यानसन को दो विकेट मिले। कॉर्बिन बॉश और कगिसो रबाडा ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

इससे पहले आज यहां कनाडा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी दक्षिण अफ्रीका के लिए एडन मारक्रम और क्विंटन डी कॉक की जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 70 रन जोड़े। सातवें ओवर में दिलप्रीत सिंह ने क्विंटन डी कॉक (25) को बोल्ड कर इस साझेदारी को तोड़ा। दक्षिण अफ्रीका का दूसरा विकेट एडन मारक्रम के रूप में गिरा। उन्हें अश पटेल ने आउट किया। एडन मारक्रम ने 32 गेंदों में 10 चौके और एक छक्का लगाते हुए 59 रनों की पारी खेली। 14वें ओवर में अंश पटेल ने रायन रिकलटन को आउट कर पवेलियन भेज दिया। रायन रिकलटन ने 21 गेंदों में तीन चौके और एक छक्का उड़ाते हुए 33 रन बनाये। डेवाल्ड ब्रेविस छह रन बनाकर अंश पटेल का शिकार बने।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित