क्राइस्टचर्च , मार्च 29 -- अयाबोंगा खाका (छह विकेट) के बाद एनरी डर्कसन (72), सुने लूस (53) और कायला रेनेके (नाबाद 42) के शानदार प्रदर्शन की बदौलत दक्षिण अफ्रीका की महिला टीम ने पहले दिनरात्रि एकदिवसीय मुकाबले में न्यूजीलैंड को दो विकेट से शिकस्त दी। कायला रेनेके को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए 'प्लेयर ऑफ द मैच' का पुरस्कार मिला।

269 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने 30 रन के स्कोर पर अपने दो विकेट गंवा दिये। तेजमिन ब्रिट्स (शून्य) और लॉरा वुलफाॅर्ट (10) रन बनाकर आउट हुये। इसके बाद एनरी डर्कसन और सुने लूस की जोड़ी ने पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों के बीच तीसरे विकेट के लिए 130 रन की साझेदारी हुई। 29वें ओवर में सूजी बेट्स ने एनरी डर्कसन (72) को बोल्ड कर इस साझेदारी को तोड़ा। अगले ही ओवर में अमेलिया केर ने सूजी बेट्स (53) का शिकार बना लिया। जल्द ही दक्षिण अफ्रीका के सिनालो जाफ्टा (13) और क्लोई ट्राइऑन (नौ) को आउट कर न्यूजीलैंड के गेंदबाजों ने मैच में वापसी की। इसके बाद नदीन डी क्लर्क और कायला रेनेके ने एक बार फिर से पारी को संभाला और टीम को जीत की ओर ले गये। 46वें ओवर में रोजमेरी मेयर ने एन डी क्लर्क (39) को आउट कर इस साझेदारी को तोड़कर मैच को रोमांचक बना दिया।

48वें ओवर में मेयर ने अयाबोंगा खाका (छह) रन को आउट कर दक्षिण अफ्रीका को आठवां झटका दिया। मैच की आखिरी गेंद पर कायला रेनेके ने छक्का लगाकर अपनी टीम को दो विकेट से जीत दिलाई। रेनेके ने इस ओवर में दो छक्के उड़ाये। रेनेके ने 32 गेंदों में तीन चौके और दो छक्के लगाते हुए नाबाद 42 रनों की पारी खेली।

न्यूजीलैंड के लिए जेस केर, अमेलिया केर और रोजमेरी मेयर ने दो-दो विकेट लिये। ब्री इलिंग और सूजी बेट्स ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित