नयी दिल्ली , दिसम्बर 30 -- नौसेना ने दक्षिणी ध्रुव तक स्की करने वाली सबसे कम उम्र की भारतीय और विश्व की दूसरी सबसे कम उम्र की महिला बनने का गौरव हासिल करने वाली सुश्री काम्या कार्तिकेयन को बधाई दी है। नौसेना प्रवक्ता ने मंगलवार को बताया कि 18 वर्षीय सुश्री कार्तिकेयन नौसेना अधिकारी की पुत्री और नेवी चिल्ड्रन स्कूल की पूर्व छात्रा है। उन्होंने एक बार फिर इतिहास रचते हुए दक्षिणी ध्रुव तक स्की करने वाली सबसे कम उम्र की भारतीय और विश्व की दूसरी सबसे कम उम्र की महिला बनने का गौरव प्राप्त किया है। सुश्री कार्तिकेयन शून्य से 30 डिग्री सेल्सियस कम के भीषण मौसम और तेज़ आंधी जैसे हालातों का सामना करते हुए 89deg दक्षिण अक्षांश से लगभग करीब 115 किलोमीटर की दूरी पैदल तय की। वह अपने पूरे अभियान के सामान को खींचते हुए 27 दिसंबर को दक्षिण ध्रुव तक पहुंची थी।

वह 'एक्सप्लोरर्स ग्रैंड स्लैम' को पूरा करने के मिशन पर है जिसमें सातों महाद्वीपों की सबसे ऊंची चोटियों पर चढ़ाई करना और दोनों ध्रुवों तक स्की करना शामिल है। यह विश्व का सबसे कठिन साहसिक लक्ष्य माना जाता है।

इससे पहले उन्होंने 'सेवेन सम्मिट चेलेंज' भी पूरा किया था जिसमें नेपाल की ओर से माउंट एवरेस्ट पर चढ़ाई कर वह सबसे कम उम्र की भारतीय और विश्व की दूसरी सबसे कम उम्र की महिला बनी थीं।

उनकी यह असाधारण उपलब्धि निश्चित रूप से उनकी पीढ़ी के अनेक युवाओं को अपनी सीमाओं से आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित